हाथरस में रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत बनी हुई है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। आज रविवार को गैस एजेंसियों के दफ्तरों और गोदामों पर भारी भीड़ देखी गई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें कभी सर्वर डाउन होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है, तो कभी डिलीवरी का मैसेज आने के बावजूद कई दिनों तक घरों पर गैस नहीं पहुंचाई जाती। कई उपभोक्ता सुबह से ही सिलेंडर के इंतजार में लाइन में लगे थे। बुजुर्ग महिला वीरमती ने बताया कि वह सुबह से गैस एजेंसी पर लाइन में लगी हैं, लेकिन उन्हें अभी तक सिलेंडर नहीं मिला है। एक अन्य उपभोक्ता भानु ने भी सुबह से लाइन में लगने की बात कही और सिलेंडर मिलने को लेकर अनिश्चितता जताई। उपभोक्ता दिनेश कुमार ने शिकायत की कि वे कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा। वहीं, इस मामले पर प्रशासन का कहना है कि जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।

Leave a Reply