DniNews.Live

हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष के नाम से फर्जी पत्र:सरकारी कार्यवाही प्रभावित करने का प्रयास, मुकदमा दर्ज

हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय के नाम से एक फर्जी पत्र भेजकर सरकारी कार्यवाही को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह फर्जी पत्र विद्युत सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा गया था। इसमें कई प्रकार की शिकायतों का उल्लेख किया गया था। जांच में सामने आया कि पत्र पूरी तरह से फर्जी है और उस पर किए गए हस्ताक्षर भी असली नहीं हैं। पत्र में दिया गया मोबाइल नंबर भी फर्जी पाया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अधिकारियों को गुमराह करने की सुनियोजित कोशिश की गई थी। इस पूरे मामले की शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष के निजी सचिव रानू पंडित ने थाना हाथरस गेट में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 336(2) और 336(4) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक राजेश कुमार को सौंपी गई है, जिन्होंने तत्काल जांच शुरू कर दी है। जांच पड़ताल कर रही पुलिस शिकायत में यह भी बताया गया है कि फर्जी पत्र के माध्यम से सरकारी विभागों में गलत संदेश पहुंचाकर कार्यप्रणाली को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जो एक गंभीर अपराध है। ऐसी हरकतें न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की छवि को भी धूमिल करती हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *