DniNews.Live

हाथरस में गैस एजेंसी बंद मिली:निरीक्षण के दौरान गोदाम और कार्यालय पर लटका था ताला, एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी

हाथरस में आज पूर्ति विभाग की टीम ने गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एपी भारत गैस एजेंसी, तमन्ना गढ़ी, बंद पाई गई, जिसके बाद एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रितेश चंद्रा, पूर्ति निरीक्षक यतीश चंद्र गुप्ता, रोहित कुमार और बीरेश मौर्य की टीम ने एपी भारत गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। एजेंसी का गोदाम और कार्यालय बंद मिले। सूचना पट पर एजेंसी बंद होने का कोई कारण अंकित नहीं था। एजेंसी से संबंधित मोबाइल नंबर भी बंद पाए गए। एजेंसी के बाहर कई उपभोक्ता गैस रिफिल कराने में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए खड़े थे। उन्होंने बताया कि कार्यालय बंद होने और संपर्क नंबर काम न करने के कारण उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। बिना किसी कारण के एजेंसी का बंद होना जनहित के प्रतिकूल और संबंधित नियमों का उल्लंघन है। वर्तमान में मध्य पूर्व में युद्ध के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर कलेक्ट्रेट हाथरस में उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण हेतु एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। आपूर्ति विभाग के कर्मचारी भी लगातार भ्रमण पर हैं। इसी क्रम में, एपी भारत गैस एजेंसी के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। टीम ने सुविधा इंडेन गैस सर्विस, मेंडू रोड, हाथरस का भी निरीक्षण किया। यह एजेंसी खुली पाई गई और प्रबंधक वकील कुमार वार्ष्णेय मौके पर उपस्थित थे। उनकी मौजूदगी में गोदाम में उपलब्ध गैस सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन स्टॉक रजिस्टर के सापेक्ष किया गया। एजेंसी को गैस सिलेंडर नियम 2016 (यथा संशोधित) के अनुरूप सिलेंडरों को व्यवस्थित रूप से भंडारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, ओम फिलिंग स्टेशन, मेंडू रोड, का भी निरीक्षण किया गया। यहां उपभोक्ताओं से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि पेट्रोल और डीजल मिलने में उन्हें कोई समस्या नहीं है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *