हाथरस में आरपीएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की मौत:सादाबाद-मथुरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, पैतृक गांव से घर लौट रहे थे
![]()
हाथरस में आरपीएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की मौत:सादाबाद-मथुरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, पैतृक गांव से घर लौट रहे थे
हाथरस के सादाबाद-मथुरा मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देखें 2 तस्वीरें… जानिए पूरा मामला…
सादाबाद-मथुरा मार्ग पर रविवार शाम करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डीसी पब्लिक स्कूल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार सड़क पर गिर पड़ा। इस हादसे में 86 वर्षीय खजान सिंह पुत्र चौधरी शेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में सब-इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त थे। उन्हें 1968 में नौकरी मिली थी और जुलाई 2008 में सेवानिवृत्त हुए थे। घर से 6 किलोमीटर दूर हुआ हादसा मृतक वर्तमान में सादाबाद के गंगानगर में रहते थे, जबकि उनका मूल निवास मथुरा जिले के गांव रदोई में था, जहां उनकी खेती-बाड़ी भी है। घटना के समय वह अपने पैतृक गांव रदोई से सादाबाद स्थित घर लौट रहे थे। उनके घर से घटनास्थल की दूरी करीब 6 किलोमीटर बताई गई है। हादसे की सूचना परिजनों को शाम करीब 6 बजे मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी ओमवती, पुत्र प्रमोद कुमार, दो पौत्र और एक पौत्री हैं। घटना के बाद से पूरे परिवार में शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया मृतक की मौके पर ही मौत हो गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
