हाथरस में आरपीएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की मौत:सादाबाद-मथुरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, पैतृक गांव से घर लौट रहे थे
![]()
हाथरस में आरपीएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की मौत:सादाबाद-मथुरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, पैतृक गांव से घर लौट रहे थे
हाथरस के सादाबाद-मथुरा मार्ग पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 86 वर्षीय खजान सिंह पुत्र चौधरी शेर सिंह के रूप में हुई है, जो गंगानगर, सादाबाद के निवासी थे और मूल रूप से मथुरा के ग्राम रदोई के रहने वाले थे। खजान सिंह रविवार को अपने पैतृक गांव से सादाबाद स्थित अपने आवास लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे सादाबाद-मथुरा मार्ग पर डीसी पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और खजान सिंह सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित किया। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
