फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में एक युवक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। मुबारिकपुर निवासी रवि सोमवार देर शाम गांव के बाहर स्थित बिजली के टावर पर चढ़ा। वह करीब 50 फीट की ऊंचाई पर है, जहां से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। रवि की मांग है कि उसकी पत्नी को बुलाया जाए, तभी वह नीचे उतरेगा। बताया गया है कि रवि ने एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी तीन माह पूर्व मायके चली गई थी और तब से वापस नहीं लौटी है। सोमवार को रवि उसे बुलाने भी गया था, लेकिन वह नहीं आई। रवि कुमार सोमवार शाम करीब 7:30 बजे पड़ोसी गांव मूसाखिरिया में लाखन सिंह के खेत में लगे 132 केवी बिजली के पोल पर चढ़ा। पोल पर पहुंचने के बाद रवि ने खुद डायल 112 पर कॉल कर बताया कि वह जान देने के लिए चढ़ा है। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष रामबाबू भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के नीचे उतारने के प्रयासों के दौरान रवि ने शर्त रखी कि जब तक उसकी पत्नी मौके पर नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। रवि की मां भी मौके पर पहुंचीं और रोते हुए बेटे को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। पु पुलिस टीम और ग्रामीण युवक को समझाने में जुटे रहे। काफी समय बीत जाने और युवक के नीचे न उतरने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई। रात करीब 9:30 बजे दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को पोल से नीचे उतरने को कहा। हालांकि, कई प्रयासों के बाद भी युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं है।

Leave a Reply