संभल में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक पेड़ पर बेल तोड़ने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। जिससे करीब 30 मिनट तक तार से लटका रहा। मृतक की पहचान मोहम्मद सोहेल (18) पुत्र शर्ते आलम के रूप में हुई है। घटना संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के आढ़ोल गांव का है। पेड़ के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही सोहेल को करंट लग गया। वहां मौजूद बच्चों ने यह देखकर शोर मचाया। ग्रामीणों ने मुश्किल से युवक को नीचे उतारा और इलाज के लिए संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान सोहेल की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मोहम्मद सोहेल अपने दो भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर था। परिवार ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के युवक को सुपुर्दे खाक कर दिया। थाना प्रभारी उमेश सोलंकी ने बताया- हाईटेंशन की चपेट में आने से युवक की मौत जैसी घटना की जानकारी नहीं है। और न ही थाने में किसी ने इसकी सूचना दी है।

Leave a Reply