सिटी रिपोर्टर|शेखपुरा सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 17.30 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण एजेंसी के अनुसार भवन को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और 2027 से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। शेखपुरा के हसनगंज में बन रहें अटल कला भवन निर्माण में लगी कंपनी के मैनेजर कौशलेन्द्र कुमार ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस कला भवन में 620 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। भवन में उच्च गुणवत्ता की कुर्सियां, बेहतर गैलरी, बड़ा स्टेज, ग्रीन एरिया, आधुनिक फिनिशिंग और एयर कंडीशनिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। बिजली आपूर्ति के लिए सोलर सिस्टम भी लगाया जाएगा। खास तौर पर साउंड सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान आवाज गूंजे नहीं। अटल कला भवन के निर्माण से शहर में बड़े कार्यक्रमों के आयोजन की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। वर्तमान में ज्यादातर सरकारी और गैर-सरकारी कार्यक्रम टाउन हॉल में आयोजित होते हैं, जहां जगह की कमी बनी रहती है। नए भवन के बन जाने के बाद बड़े कार्यक्रम एक ही स्थान पर सुचारु रूप से आयोजित किए जा सकेंगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि भवन बनने से हसनगंज मोहल्ले का भी विकास होगा। स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच इस कला भवन के निर्माण से क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। स्थानीय लोगों और कलाकारों ने बताया कि अब तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त मंच का अभाव था, जिससे कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल पाता था। अटल कला भवन बनने के बाद नृत्य, संगीत, नाटक और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन संभव हो सकेगा। अटल कला भवन के तैयार होने से खासकर स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा और नई प्रतिभाओं को भी आगे आने का मौका मिलेगा। साथ ही, इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी और लोगों में कला के प्रति रुचि बढ़ेगी। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में आई तेजी पर खुशी जताई है।
https://ift.tt/VmqACQZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply