हरदोई-सीतापुर मार्ग पर मिनी बस खाई में गिरी:अनियंत्रित होने से हादसा, 40 यात्री बाल-बाल बचे
![]()
हरदोई-सीतापुर मार्ग पर मिनी बस खाई में गिरी:अनियंत्रित होने से हादसा, 40 यात्री बाल-बाल बचे
हरदोई-सीतापुर मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक यात्री मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 35 से 40 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मिनी बस प्रताप नगर चौराहा से यात्रियों को लेकर सीतापुर की ओर जा रही थी। सुल्तान पुरवा गांव के आगे पहुंचते ही, तेज रफ्तार के कारण चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और वह खंती में उतर गई। घटना के दौरान जोरदार आवाज के साथ यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस संख्या यूपी 30 एटी 2930 पीछे आ रही एक रोडवेज बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, जिस कारण उसकी गति काफी तेज थी। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद की। गनीमत रही कि बारिश के कारण जमीन नरम थी, जिससे बस खंती में उतरते ही कुछ दूरी पर रुक गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद सभी यात्रियों को अन्य वाहनों से सीतापुर के लिए रवाना किया गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस मार्ग पर अवैध रूप से सवारियां भरकर तेज रफ्तार में वाहन चलाए जाते हैं, लेकिन इन पर कोई रोक-टोक नहीं है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
