हरदोई के मेडिकल कॉलेज में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी करते हुए एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा गया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। यह घटना हरदोई के मेडिकल कॉलेज में हुई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी रामदीन अपनी और अपनी मां की दवा लेने के लिए मेडिकल कॉलेज आए थे। वे हड्डी वार्ड के कक्ष संख्या चार के सामने डॉक्टर को दिखाने के लिए लाइन में लगे थे। इसी दौरान एक युवक ने रामदीन की जेब से मोबाइल निकाल लिया। आहट होने पर रामदीन ने अपनी जेब जांची तो मोबाइल गायब मिला। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद एक युवक तेजी से भागने लगा। रामदीन ने भागते हुए युवक को आवाज लगाई। आरोपी ने भागते समय मोबाइल फोन फेंक दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। मेडिकल कॉलेज के गार्ड मौके पर पहुंचे और आरोपी को मेडिकल कॉलेज स्थित पुलिस सहायता केंद्र ले गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply