हरदोई जनपद में शनिवार सुबह ईद उल फितर की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। शहर के साथ-साथ कस्बों और गांवों में स्थित ईदगाहों और मस्जिदों में मौलानाओं ने ईद की नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर के बिलग्राम चुंगी स्थित ईदगाह में सुबह 7:30 बजे मुफ्ती आफताब आलम ने ईद की नमाज अदा कराई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कतारों में खड़े होकर नमाज पढ़ी और देश-दुनिया में अमन-चैन व खैरियत की दुआएं मांगीं। नमाज के बाद मुफ़्ती आफताब आलम ने खुत्बा पढ़ा। जनपद के अधिकांश स्थानों पर सुबह 7:15 से 8:30 बजे के बीच ईद उल फितर की नमाज अदा की गई। अधिकारी भी हुए शामिल ईदगाह के बाहर जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौजूद रहे। उन्होंने नमाज के बाद लोगों से हाथ मिलाकर ईद की बधाई दी। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट एसके त्रिवेदी, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, शहर कोतवाल संजय त्यागी, अंजुमन इस्लामिया के सदर मोहम्मद खालिद और महामंत्री हफीज अहमद सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। दिवंगत परिजनों की कब्र पर दुआ ईद उल फितर की नमाज अदा करने के बाद नमाजी कब्रिस्तान पहुंचे। उन्होंने वहां अपने दिवंगत परिजनों की कब्रों के पास पहुंचकर दुआ-ए-मगफिरत मांगी। ईद की नमाज से पहले मौलाना अफजलुर्रहमान ने नमाजियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रमजान का पवित्र महीना सब्र, ईमान और रूहानी सफाई की सीख देता है। मौलाना ने लोगों से अपने व्यवहार और नेक कामों से दूसरों के दिलों में जगह बनाने और हमेशा दूसरों की मदद करने का आह्वान किया। जिले के अन्य हिस्सों में भी शांति शहर के अलावा पिहानी, गोपामऊ, हरपालपुर, सांडी, बिलग्राम, संडीला, कछौना, मल्लावां, सवायजपुर, माधौगंज और शाहाबाद सहित अन्य कस्बों में भी ईद की नमाज शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में अदा की गई।

Leave a Reply