हरदोई में लगातार दूसरे दिन बारिश:देर शाम से रात तक हुई, गेहूं-सरसों की फसलें प्रभावित
![]()
हरदोई में लगातार दूसरे दिन बारिश:देर शाम से रात तक हुई, गेहूं-सरसों की फसलें प्रभावित
हरदोई में लगातार दूसरे दिन देर शाम बारिश हुई, जो रात तक जारी रही। इस बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसलें भीग गई हैं। रविवार देर शाम आसमान में घने बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने किसानों के लिए मुश्किलें और बढ़ा दीं। कई किसानों की गेहूं की फसलें खेतों में खड़ी हैं, जबकि कुछ ने फसल काटकर बेड़े बना रखे थे, जो बारिश में भीग गए। किसान रामकुमार ने बताया कि उनके खेत में गेहूं की फसल खड़ी है, और बारिश से निश्चित तौर पर उनकी फसल प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि इस बार लाभ के बजाय घाटा कम रहे, बस यही सोच रहे हैं। एक अन्य किसान छोटेलाल ने जानकारी दी कि उन्होंने आधे खेत की फसल काट ली थी, लेकिन समय रहते गेहूं के बेड़ों को घर नहीं ला पाए, जिससे उनकी फसल भी भीग गई। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एके तिवारी ने बताया कि बारिश से गेहूं, सरसों और दलहनी फसलें जैसे चना, मटर, मसूर आदि प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इससे फसलों की गुणवत्ता खराब हो सकती है और खेतों में खड़ी गेहूं की फसल के दाने काले पड़ सकते हैं। डॉ. तिवारी ने किसानों को सलाह दी कि वे बिना समय गंवाए फसल की कटाई कर लें और खेतों में पड़े बेड़ों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। मौसम विशेषज्ञ और शिक्षक रमेश वर्मा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। उन्होंने अगले एक-दो दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना भी जताई।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
