हरदोई के शहर कोतवाली क्षेत्र के मम्मरपुर गांव में मंगलवार सुबह एक राजमिस्त्री का शव कमरे के अंदर दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 26 वर्षीय इरफान के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इरफान के बड़े भाई रिजवान के अनुसार, मंगलवार सुबह जब उनकी मां कमरे में गईं, तो उन्होंने इरफान का शव फंदे से लटका देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। मृतक इरफान राजमिस्त्री का काम करते थे। सोमवार रात वह खाना खाकर अपने कमरे में चले गए थे। मंगलवार सुबह उनकी मां के कमरे में जाने पर यह घटना सामने आई। इरफान विवाहित थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजन अभी घटना की वजह बताने से बच रहे हैं।

Leave a Reply