हरदोई में मंगलवार की दोपहर एक किशोरी को उसके प्रेमी के साथ जाते समय उसकी बड़ी बहन ने रोक लिया। इस घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तीनों को पिहानी कोतवाली ले गई। यह मामला पिहानी कोतवाली क्षेत्र के गोपामऊ चौकी के पास का है। युवक एक वैन चालक है और कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। किशोरी उसके गांव से लगभग 4 किलोमीटर दूर रहती है और पिहानी नगर के एक विद्यालय में कक्षा 9 की छात्रा है। पिहानी कस्बा इंचार्ज राजेश सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर किशोरी अपने प्रेमी से मिलने आ रही थी। दोनों की कहीं और जाने की योजना थी। किशोरी के घर से निकलते ही उसकी बड़ी बहन को शक हुआ और वह उसके पीछे चल दी। पिहानी से बूढ़ा गांव मार्ग पर गोपामऊ चौकी के पास युवक अपनी वैन में मौजूद था। किशोरी वैन में बैठ गई। जैसे ही चालक ने वैन स्टार्ट की, किशोरी की बड़ी बहन ने जोर से चिल्लाया। आसपास के लोग मौके पर आ गए और चालक ने वैन रोक दी। बड़ी बहन ने किशोरी को वैन से नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह राजी नहीं हुई। दोनों बहनों के बीच कहासुनी होने लगी। किसी ने पुलिस को सूचना दी, इसके बाद पुलिस प्रेमी, प्रेमिका और उसकी बड़ी बहन को कोतवाली लें गई। कस्बा इंचार्ज ने बताया कि तीनों से पूछताछ की गई है। दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply