DniNews.Live

हरदोई में चोरी, सास-बहू के जेवर और नकदी गायब:खाली बक्से मकान से कुछ दूर पड़े मिले, 10 मार्च को बेटी की शादी थी

हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के महडौरा गांव में बुधवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और 18 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद खाली बक्से मकान से कुछ दूरी पर पड़े मिले। ग्राम महडौरा निवासी किसान संजय के घर यह वारदात हुई। संजय की मां कलावती ने बताया कि उनके बेटे की शादी 10 मार्च को हुई थी। बृहस्पतिवार सुबह जब वह सोकर उठीं, तो उन्हें कमरे का दरवाजा खुला मिला। कमरे में रखे तीन बक्से गायब थे। इन बक्सों में कलावती और उनकी बहू ज्योति के जेवर के साथ 18 हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी हुए जेवरों में ज्योति का सोने का हार, एक मंगलसूत्र, एक मांगबेदी, एक अंगूठी, एक नकबेहसर, एक जोड़ी झुमकी और एक जोड़ी चांदी की पाजेब शामिल थी। कलावती की सोने की अंगूठी, एक नकफूल और एक जोड़ी पायल भी चोरी हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान, मकान से लगभग सौ मीटर दूर नरवीर और आशाराम के खेत में तीनों खाली बक्से बरामद हुए। बक्सों से जेवर और नकदी गायब थी। कोतवाल मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *