हरदोई में भूसे को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव में शुक्रवार शाम को हुई। मृतकों में एक वृद्ध और दो सगे भाई शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ढोलिया निवासी 70 वर्षीय किसान देवी सहाय और भूसा व्यापारी शिवम (30) तथा अमन (30) के परिवारों के बीच विवाद हुआ। शुक्रवार शाम गांव के प्राइमरी स्कूल के सामने शिवम ने अपनी कार से देवी सहाय को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देवी सहाय की मौत के बाद उनके परिवार के सदस्य शिवम और उनके छोटे भाई अमन को उलाहना देने पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें शिवम और अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, एसपी पश्चिमी एमपी सिंह, एसडीएम सदर एसके मिश्रा, सीओ अंकित मिश्रा और सुरसा थानाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई और फॉरेंसिक यूनिट ने नमूने एकत्र किए। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के लिए पीएसी बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक शिवम विवाहित थे, जबकि अमन अविवाहित थे। देवी सहाय के परिवार में उनकी पत्नी गीता और चार पुत्र अनूप, छन्ने, अतुल और श्याम हैं।

Leave a Reply