हरदोई में पिहानी-शाहाबाद मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में एक माह के बच्चे की मौत हो गई। मझिला थाना क्षेत्र के नेवादा गांव के पास शुक्रवार देर शाम एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर सवार पांच लोग घायल हो गए थे। दुर्घटना में बच्चा अपनी मां की गोद से उछलकर सड़क पर गिर गया था। सभी घायलों को पहले पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बच्चे ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शुक्रवार की देर शाम दम तोड़ दिया। ससुराल शादी में शामिल होने आई थी महिला
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के पतरास गांव निवासी लाल बहादुर ने बताया कि उनकी बहन श्वेता (35) अपने ससुराल शाहजहांपुर के राजपुर से अपने छोटे भाई आकाश (28) की शादी में शामिल होने पतरास आई थीं। श्वेता के साथ उनके 10 वर्षीय पुत्र आयुष और एक माह का बेटा भी था। शाहजहांपुर के दोशपुर निवासी श्वेता की बहन कुसुमा देवी की पुत्री सुदामा (16) भी शादी में आई थी। शुक्रवार को श्वेता और सुदामा को अपने-अपने घर लौटना था। दोपहर में आकाश अपनी बाइक से श्वेता, आयुष, सुदामा और श्वेता के एक माह के पुत्र को लेकर आंझी रेलवे स्टेशन जा रहे थे। आकाश ने हेलमेट पहना हुआ था।
नेवादा गांव के पास उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे सभी पांचों लोग घायल हो गए। घायलों को पहले सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज से आयुष को लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि श्वेता, सुदामा और आकाश को परिजन एक निजी अस्पताल ले गए। देर शाम मेडिकल कॉलेज में श्वेता के एक माह के पुत्र की मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी कोई बहन नहीं है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply