DniNews.Live

हरदोई में एसआईआर बैठक में लड़खड़ाए बीईओ:शराब के नशे में होने की आशंका, एडीएम ने दिए मेडिकल कराने के निर्देश

हरदोई में गुरुवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित विवेकानंद सभागार में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की बैठक के दौरान हरियावां ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अनिल कुमार झा लड़खड़ाती जुबान में जवाब देते हुए स्वयं भी लड़खड़ा गए। इस पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने बीईओ को फटकार लगाई। उनका मेडिकल कराने के निर्देश दिए। बीईओ अनिल कुमार झा हरदोई के हरियावां ब्लॉक में तैनात हैं। उनके पास टड़ियावां ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार भी है। वह पिछले तीन सालों से हरदोई में कार्यरत हैं। बैठक में एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी और एसआईआर से संबंधित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। एडीएम ने जब बीईओ अनिल कुमार झा से कुछ सवाल पूछे, तो उन्होंने लड़खड़ाती जुबान में जवाब दिए और फिर स्वयं भी लड़खड़ाने लगे। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने बीईओ के शराब के नशे में होने की आशंका जताई। एडीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) भावनाथ पांडेय को अनिल कुमार झा का मेडिकल कराने का निर्देश दिया। इसके बाद बीईओ को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां शाम करीब सात बजे उनका मेडिकल किया गया। सूत्रों के अनुसार, परीक्षण के दौरान उनके पास से परफ्यूम की गंध आ रही थी। शराब के नशे की आशंका के चलते उनके यूरिन और ब्लड के सैंपल लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जब एडीएम ने बीईओ का चिकित्सीय परीक्षण कराने की बात कही, तो बीईओ ने स्वयं कहा, “तो कराओ न मेरा चिकित्सीय परीक्षण।” इस पर एडीएम का पारा और चढ़ गया। बैठक में बीईओ के इस व्यवहार को लेकर सभी अधिकारी और कर्मचारी आपस में चर्चा करते रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *