DniNews.Live

हरदोई के बिलग्राम में 350 हेक्टेयर में औद्योगिक गलियारा:रोजगार-निवेश के अवसर बढ़ाने को 3 प्रस्ताव तैयार, प्रक्रिया तेज

हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र में एक नया औद्योगिक गलियारा विकसित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यह जिले का तीसरा बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया होगा। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि लगभग 350 हेक्टेयर भूमि पर यह गलियारा बनाया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाना और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। जिलाधिकारी झा ने जानकारी दी कि इस परियोजना के लिए भूमि चिन्हांकन का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही इसका अंतिम प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि जिले में निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। एसडीएम एन. राम ने भूमि चयन के संबंध में बताया कि बैफरिया, गुरौली, पसनेर, बेहटा बुजुर्ग, दुर्गागंज, आलापुर सिराइचमऊ और बिराइचमऊ गांवों के आसपास की जमीन का निरीक्षण किया गया है। इन क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए तीन प्रस्ताव तैयार कर भेजे जा रहे हैं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि चयनित भूमि ऐसी होनी चाहिए जहां आवागमन की बेहतर सुविधा हो और भविष्य में औद्योगिक विस्तार की भी संभावनाएं हों। इन प्रस्तावों के आधार पर यूपीडा (UPIDA) की टीम मौके पर निरीक्षण करेगी। उपयुक्त भूमि पाए जाने पर किसानों की सहमति से अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस औद्योगिक गलियारे के विकसित होने से बिलग्राम क्षेत्र विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा और क्षेत्र में समृद्धि आएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *