हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक की नहर में गिरकर मौत हो गई। वह अपनी भैंस चराने गया था, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी खुर्द गांव में हुई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मनीष को मिर्गी के दौरे आते थे। भैंस चराते समय मौदहा की नहर पटरी पर उसे अचानक दौरा पड़ा, जिससे वह संतुलन खोकर नहर में जा गिरा। पास में खेल रहे बच्चों ने मनीष को नहर में गिरते देखा और तुरंत खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को सूचित किया। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस के ईएमटी विनय कुमार और चालक राजेश भी घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सहायता से मनीष को नहर से बाहर निकाला गया और उसके चाचा रामकिशन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले जाया गया। वहां डॉक्टर शिवजी गुप्ता ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष अपने पिता ब्रजकिशोर की इकलौती संतान था। लगभग डेढ़ माह पहले उसके पिता की सरिया काटते समय हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। परिवार अभी इस दुखद घटना से उबरने का प्रयास कर रहा था कि यह दूसरी त्रासदी सामने आ गई। मनीष अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह मुस्करा कस्बे में बाल काटने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार के पास केवल डेढ़ बीघा जमीन है, जिसकी विरासत अभी तक मनीष के नाम नहीं हो पाई थी। अब परिवार के सामने जीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है, क्योंकि घर में कोई अन्य कमाने वाला नहीं बचा है। इस मामले में एसआई रामशिरोमणि यादव ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply