DniNews.Live

हमीरपुर में भाजपा नामित सभासद का इस्तीफा:नीलम बाजपेई बोलीं- इतना बड़ा पद सह नहीं पा रही हूं इसलिए इस्तीफा दिया

हमीरपुर नगर पालिका की नामित सभासद और भाजपा नेता नीलम बाजपेई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह इतने बड़े पद को सह नहीं पा रही हैं, इसलिए इस पद से इस्तीफा दे रही हैं। उन्होंने सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया। पातालेश्वर मोहल्ला निवासी नीलम बाजपेई पिछले करीब 26 वर्षों से भाजपा से जुड़ी हुई हैं। पार्टी में उन्होंने कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। उन्हें हाल ही में 14 मार्च को नगर पालिका का नामित सदस्य बनाया गया था, लेकिन अब उन्होंने इस पद से त्यागपत्र दे दिया है। नीलम बाजपेई का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा है। वर्ष 2002 में वह भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष बनीं। इसके बाद 2005 और 2008 में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहीं। वर्ष 2010 में भाजपा की जिला मंत्री और 2013 में दोबारा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनीं। वर्ष 2017 में उन्हें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में महिला मोर्चा का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि 2020 में वह भाजपा की जिला उपाध्यक्ष रहीं। अपने इस्तीफे के संबंध में नीलम बाजपेई ने बताया कि उन्होंने भाजपा में रहते हुए कई बार सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किए और लाठीचार्ज भी झेला। उन्होंने हमेशा पार्टी के लिए समर्पण दिखाया, लेकिन बड़े पदों पर रहने के बाद नगर पालिका के नामित सभासद का पद उन्हें कुछ ज्यादा ही ‘बड़ा’ लगने लगा। इसी वजह से उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला लिया। इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद ने कहा कि उन्हें अभी फेसबुक पोस्ट की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई पोस्ट डाली गई है तो वह इसे देखेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में सभी को साथ लेकर चलना है, उनसे बात की जाएगी और जो भी समस्या होगी उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *