हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र में घायल अवस्था में मिले एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने युवक के साथ मारपीट कर नदी किनारे फेंकने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह घटना कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा गांव के क्योटरा माजरा की है। 35 वर्षीय सरजू प्रसाद 17 मार्च को गांव के कुछ लोगों के साथ बेतवा नदी किनारे मौरम लादने गया था। वह रात भर घर नहीं लौटा। मृतक के भाई बद्रीप्रसाद के अनुसार, 18 मार्च की सुबह सरजू प्रसाद खेरापति बाबा मंदिर के पास नदी किनारे गंभीर हालत में लहूलुहान मिला। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से नाजुक हालत के चलते कानपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मृतक के सिर के पीछे और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे मारपीट की आशंका है। मृतक की पत्नी गुड्डो ने कुरारा थाना पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें गांव के राजाबाबू, सीताराम और बब्बू को नामजद किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के चाचा और पूर्व डीआईजी एमडी कर्णधार ने बताया कि गांव में मौरम से भरे ट्रैक्टरों के आवागमन को लेकर पहले भी विवाद हुआ था, जिसके कारण पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते 17 मार्च को राजाबाबू सरजू को अपने साथ ले गया और उसके साथ मारपीट कर उसे मंदिर के पास फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply