हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में सोमवार रात एक आवारा सांड के हमले से मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने सांड को भगाया और एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना मौदहा कस्बे के स्टेशन रोड स्थित इलाही तालाब के पास हुई। दीवान शहीद बाबा मोहल्ले की निवासी 65 वर्षीय रामबाई अपने 50 वर्षीय बेटे राजेंद्र के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान वहां घूम रहे एक आवारा सांड ने अचानक रामबाई पर हमला कर दिया। मां पर सांड का हमला देखकर बेटा राजेंद्र उन्हें बचाने के लिए आगे आया। सांड ने उस पर भी हमला कर दिया और उठाकर पटक दिया। इस हमले में मां-बेटा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर घायल पड़े मां-बेटे को देखकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने सांड को मौके से भगाया और एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दोनों का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी नगर में घूम रहे एक आवारा सांड ने एक वृद्ध पर हमला किया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। लोगों का आरोप है कि इस गंभीर घटना के बाद भी प्रशासन ने आवारा पशुओं की समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके कारण यह दूसरी घटना सामने आई है।

Leave a Reply