शहर में हनुमान जयंती को लेकर मंदिरों में भक्ति और उत्साह का माहौल है। 2 अप्रैल को होने वाले हनुमान जन्मोत्सव के लिए विभिन्न मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कचहरी रोड स्थित शिव हनुमान मंदिर के पुजारी शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि सुबह 8 बजे हवन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा और संभव हुआ तो सुंदरकांड का आयोजन भी होगा। अंत में आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की सच्चे मन से पूजा करने से भक्तों के दुख दूर होते हैं। पीएल शर्मा रोड स्थित दक्षिणमुखी पंचमुखी हनुमान मंदिर में पिछले 59 वर्षों से लगातार जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। पुजारी विवेकदत्त शर्मा के अनुसार, 29 मार्च से ही पांच दिवसीय कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। जिसमे ध्वजा यात्रा, 108 हनुमान चालीसा पाठ और 11 हजार लड्डुओं का भोग जैसे आयोजन संपन्न हो चुके हैं। मंदिर में अखंड रामायण पाठ जारी है, जो गुरुवार सुबह तक चलेगा। 3 अप्रैल को मंदिर में विशेष श्रृंगार, चोला चढ़ाया जाएगा। दोपहर 12 बजे भोग आरती के बाद विशाल भंडारा होगा। शाम 7:15 बजे 11 हजार दीपों से भव्य महाआरती आकर्षण का केंद्र रहेगी। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। हनुमान चौक स्थित मंदिर में भी सुबह हवन और आरती के बाद प्रसाद वितरण होगा, जबकि शाम को सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Leave a Reply