मेरठ रेंज में 2 अप्रैल 2026 को हनुमान जयंती के अवसर पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परिक्षेत्र के मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जिलों में कुल 65 शोभायात्राएं और 137 अन्य धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 2215 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। DIG कलानिधि नैथानी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 23 क्षेत्राधिकारी, 85 निरीक्षक, 362 उपनिरीक्षक, 555 मुख्य आरक्षी, 770 आरक्षी तथा 415 होमगार्ड और पीआरडी जवान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एक कंपनी पीएसी भी तैनात की जाएगी। पूरे रेंज में कुल 288 हनुमान मंदिर हैं, जिनमें मेरठ में 95, बुलंदशहर में 113, बागपत में 26 और हापुड़ में 54 मंदिर शामिल हैं। शोभायात्रा मार्गों पर पड़ने वाले 57 स्थानों को संवेदनशील और हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। इनमें बुलंदशहर में सबसे अधिक 37, हापुड़ में 13 और मेरठ में 7 स्थान हैं। इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शांति समितियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकों के माध्यम से सहयोग लिया जा रहा है। अब तक 88 शांति समिति, 73 अन्य विभागों और 80 आयोजकों के साथ गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी और पुराने विवादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित किए जाएंगे। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। सोशल मीडिया की निगरानी सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। फायर सर्विस, नगर निगम, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply