DniNews.Live

हथनौरा में पानी की टंकी पर चढ़ा मजदूर:नौकरी जाने के डर से उठाया कदम, आत्महत्या की दी धमकी; 3 घंटे चला ड्रामा

आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के हथनौरा गांव में शनिवार सुबह एक मजदूर पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसने नौकरी जाने की आशंका में आत्महत्या की धमकी दी, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस और ग्रामीणों के हस्तक्षेप से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, गांव में जल जीवन मिशन ‘हर घर जल’ योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण के दौरान सामग्री की सुरक्षा के लिए गांव निवासी 44 वर्षीय कमलेश यादव पुत्र राम दवर यादव को रखवाली की जिम्मेदारी दी गई थी। कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को रखरखाव के लिए रखने की बात सामने आई, जिससे कमलेश को अपनी नौकरी खोने का डर सताने लगा। शनिवार सुबह कमलेश पहले फूलपुर ब्लॉक और जल जीवन मिशन के कर्मचारियों से मिला। वहां संतोषजनक जवाब न मिलने पर वह सीधे गांव पहुंचा और पानी की टंकी पर चढ़ गया। वहां से उसने चेतावनी दी कि यदि उसे काम से हटाया गया तो वह कूदकर अपनी जान दे देगा। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव और फूलपुर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमलेश को समझाने का प्रयास किया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक लगातार बातचीत के बाद, प्रधान प्रतिनिधि द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने पर कमलेश टंकी से नीचे उतर आया। थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने बताया कि ठेकेदार द्वारा हटाए जाने की आशंका से आक्रोशित होकर मजदूर ने यह कदम उठाया था। वहीं, प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव ने पुष्टि की कि कमलेश यादव की शर्तों को लिखित रूप में मान लिया गया है। इस घटना के बाद गांव में स्थिति सामान्य हो गई।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *