बुलंदशहर में स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं ने सोमवार रात बिजली विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि बिल जमा करने के बावजूद बिजली आपूर्ति काट दी जा रही है। यह प्रदर्शन हाईडिल कॉलोनी स्थित बिजली विभाग कार्यालय पर रात करीब 8:30 बजे हुआ। प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने बताया कि वे स्मार्ट मीटर का बिल समय पर जमा कर रहे हैं, फिर भी उनके घरों की बिजली काट दी जाती है। कई उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि मीटर में सिग्नल लाइट जलती रहती है, लेकिन घरों में बिजली नहीं आती, जिससे तकनीकी खामी की आशंका है। उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत करने पर भी उन्हें कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी और कर्मचारी समस्या के समाधान में असमर्थता जता रहे हैं और अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। इस अव्यवस्था के कारण स्मार्ट मीटर के प्रति लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध को और तेज किया जाएगा। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से बिल जमा करने के बाद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने की मांग की है। इस संबंध में चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने बताया कि लोगों ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले लोगों को समझा दिया गया है और उनकी शिकायत का जल्द ही समाधान करा दिया जाएगा।

Leave a Reply