DniNews.Live

स्कूल वैन चालक से युवक ने की अभद्रता:पुलिस से धक्का-मुक्की, प्रबंधक की तहरीर पर FIR दर्ज

हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम भरावन स्थित गुरुकुल एकैडमी के वैन चालक से ग्राम छावन में एक युवक ने कथित तौर पर अभद्रता की। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस से भी आरोपी युवक ने धक्का-मुक्की की। स्कूल प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रबंधक अश्वनी शुक्ला ने बताया कि वैन चालक छन्नूलाल सोमवार दोपहर ग्राम छावन में स्कूल के प्रचार-प्रसार के लिए गया था। इसी दौरान छावन निवासी राहुल नामक युवक ने कथित तौर पर उससे अभद्र व्यवहार की, जान से मारने की धमकी दी और गाड़ी की चाबी छीन ली। चालक ने तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर दीवान राम कुमार और सिपाही शिवम मौके पर पहुंचे। आरोप है कि युवक राहुल ने पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की और उनकी वर्दी पकड़कर खींची, जिससे दोनों को चोटें आईं। घायल पुलिसकर्मियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचकर अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस से धक्का-मुक्की और चालक से अभद्रता के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, आरोपी राहुल का कहना है कि वह पहले गुरुकुल की गाड़ी चलाता था और स्कूल संचालक पर उसकी 1500 रुपये मजदूरी बकाया थी। उसने चालक से वही पैसे दिलाने को कहा था। राहुल के पिता राम शंकर शुक्ला ने बताया कि उनका पुत्र कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *