DniNews.Live

स्कूल जाते समय छेड़खानी करता था साहिल:10वीं की छात्रा बोली- शादी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी; पापा को मार डाला

साहिल हमे गली में रोककर छेड़खानी करता था। आते-जाते कहता था कि हमसे बात करो। मैं तुमसे शादी करना चाहता हूं। मैंने मना किया तो जबरदस्ती करने लगा। हमे 3 साल से परेशान कर रहा था। इसमें उसकी बहन भी सपोर्ट कर रही थी। 3 साल में हमने 6 बार शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ये बातें 10वीं में पढ़ने वाली पीड़ित छात्रा ने कही। जिसके पिता की रविवार दोपहर में चाकू मारकर आरोपी साहिल ने हत्या कर दी। पहले पूरा मामला पढ़िए… रविवार को ग्वालटोली में मनचले ने 15 साल की लड़की के पिता की हत्या कर दी। वारदात के समय मां-बेटी उसकी शिकायत करने थाने गई थीं। इसका पता चलते ही आरोपी लड़की के घर पहुंचा। उसके पैरालाइज पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। जब बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया, तो वह फरार हो गया। वारदात के करीब 2 घंटे बाद मां-बेटी घर पहुंचीं, तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। बुजुर्ग खून से लथपथ बिस्तर में पड़े थे। परिजन उन्हें हैलट अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर साहिल, उसकी मां राधा, बहन कोमल और उसके भाई करन के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने इस मामले में लापरवाही करने पर चौकी इंचार्ज शुभम को सस्पेंड कर दिया है। महिला की शिकायत के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई मां बोली- साहिल छेड़ता है, बेटी स्कूल नहीं जा पा रही
24 सितंबर 2024 को किशोरी की मां ने थाने में दी तहरीर दी। उसमें लिखा कि हम ग्वालटोली थाना क्षेत्र में प्रथम तल पर किराए पर रहते हैं। मेरे पति पैरालाइसिस की बीमारी से ग्रसित है। मैं घरों में चौका–बर्तन का काम करती हूं। मेरे साथ मेरी बेटी रहती है। इसी मकान के दूसरे फ्लोर पर रहने वाला आरोपी साहिल मेरी बेटी से आए दिन छेड़खानी करता है। अश्लील इशारे करता है। कई बार शिकायत की, लेकिन उसके बाद भी शांत नहीं रहा और मेरी बेटी को धमकियां दे रहा है। साहिल जायसवाल कहता है कि तुम्हारे बेटी के ऊपर तेजाब डाल दूंगा। उसकी धमकी से बेटी ने स्कूल जाना छोड़ दिया। मेरी बेटी के पेपर शुरू होने वाले हैं। वह स्कूल जाती है, तो साहिल छेड़ता है। साहिल बेटी से कहता है कि बात नहीं करोगी तो मर जाऊंगा
11 नवंबर को किशोरी की मां ने दोबारा से तहरीर दी। लिखा- मेरी बेटी के स्कूल जाने के दौरान साहिल उसका पीछा करता है, और धमकी देता है कि अगर तुम मुझसे बात नहीं करोगी तो मैं मर जाऊंगा और जबरदस्ती परेशान करता है। पिस्टल दिखाकर कहा- गंगा में ढकेल देंगे
26 नवंबर को पीड़िता की मां फिर तहरीर दी। उसमे लिखा- साहिल बेटी का पीछा करते हुए स्कूल पहुंच जाता है। रास्ते में छेड़छाड़ करते हुए धमकी देता है कि तुम मुझसे बात नहीं करोगी तो मैं मर जाऊंगा। 9 नवंबर को बेटी वॉशरूम जा रही थी, तो साहिल ने उसे पकड़ कर मारा था। पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से उसके हौसले बुलंद हो गए है, 25 नवंबर को 2 बजे साहिल बेटी को पिस्टल दिखा कर भैरोघाट ले गया और मारापीटा। इसके बाद कहा कि ज्यादा चिल्लाओगी तो तुम्हे यहीं गंगा में ढकेल देंगे। साहिल बैडटच करता है, गोली मारने की धमकी दी
22 फरवरी 2025 को पीड़िता की ओर से ग्वालटोली थाने में शिकायत की गई, जिसमें उसने लिखा कि साहिल उसके साथ बैड टच करता है। कई प्रार्थना पत्र दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, आज 22 फरवरी की शाम 7 बजे साहिल ने मेरे साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर मुझे मारापीटा और शादी न करने पर गोली मारने की धमकी दी। निवेदन है कि रिपोर्ट लिख कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, मैं जीवन से ऊब चुकी हूं। छात्रा बोली- मुझे पुलिस आफिसर बनना था
10वीं में पढ़ने वाली छात्रा ने कहा- मुझे पुलिस ऑफिसर बनना था। ये बात मैंने अपनी मैम को भी बताई थी तो उन्होंने कहा- तुम स्पोर्ट्स एकेडमी ज्वाइन करो। इसके बाद हमने स्काउट गाइड भी ज्वाइन की थी। लेकिन आरोपी साहिल ने मेरे पापा को ही मार डाला। लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज शुभम सिंह सस्पेंड 3 साल में 6 बार शिकायत करने के बाद भी खलासी लाइन चौकी इंचार्ज शुभम सिंह ने कोई कार्रवाई नहीं की। पूरे मामले में लापरवाही बरतने पर डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने चौकी इंचार्ज शुभम को सस्पेंड कर दिया है। चौकी इंचार्ज शुभम सिंह इससे पहले वर्ष 2023 में भी अपनी और विभाग की किरकिरी कराकर निलंबित हो चुके हैं। उनकी लापरवाही का ये पहला मामला नहीं है, बल्कि साउथ जोन में वह युवती को चाय के बहाने रूम पर अकेले बुलाकर उसे वाट्सएप पर अश्लील चैट भेज चुके हैं। रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। गोविंद नगर थानाक्षेत्र की रतनलाल चौकी प्रभारी रहने के दौरान शुभम सिंह ने महादेव नगर में गांजा बिक्री को लेकर आवाज उठाने वाली महिला की बेटी का नंबर लेकर उसे रूम में चाय पर बुलाया और उसे वाट्सएप पर अश्लील चैट भेज दी। इस पर उसने शुभम की वाट्सएप चैट को वायरल कर दिया। पूरे मामले का अधिकारियों ने संज्ञान लिया और दरोगा शुभम सिंह को निलंबित कर दिया था। लुटेरी दुल्हन कांड मामले में लापरवाही बरती ग्वालटोली में हुए लुटेरी दुल्हन दिव्यांशी मामले में भी चौकी इंचार्ज शुभम सिंह ने लापरवाही बरती। ग्वालटोली थाने में तैनात दरोगा आदित्य कुमार लोचव से चौथी शादी करने के मामले में जब पुलिस ने पिछले साल नवंबर महीने में दिव्यांशी को गिरफ्तार किया था। इस मामले की विवेचना भी दरोगा शुभम सिंह ही कर रहे थे। अधूरी रिमांड याचिका कोर्ट में ले जाने पर शुभम को जहां कड़ी फटकार लगाई गई वहीं दिव्यांशी को तत्काल जमानत दे दी गई। इस दौरान शुभम आसपास के सीसीटीवी कैमरों में दिव्यांशी के परिचितों के साथ भी नजर आए थे। ——————
ये खबर भी पढ़ें… सुल्तानपुर में इंस्पेक्टर के सीने में गोली लगी, हालत गंभीर: SP बोलीं- तौलिया खींचते वक्त रिवॉल्वर गिरी, उसी से बुलेट चली सुल्तानपुर के अखंड नगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी को रविवार शाम कंधे में गोली लग गई। खून से लथपथ इंस्पेक्टर खुद अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी गाड़ी से लखनऊ के PGI हॉस्पिटल लाया गया। पढ़िए पूरी खबर

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *