सोनभद्र में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने विद्युत समस्याओं को लेकर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता ओ.पी. गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रही है। बिना सूचना के बैलेंस शून्य दिखाकर बिजली काट दी जाती है और कई बार घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। उन्होंने बताया कि प्रीपेड सिस्टम में तकनीकी खराबी और रिचार्ज अपडेट न होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। साथ ही पुराने बकाया को बिना स्पष्ट जानकारी के बिल में जोड़ दिया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि पावर कॉरपोरेशन द्वारा 30 मीटर आर्म्ड केबल देने का प्रावधान होने के बावजूद उपभोक्ताओं से ही केबल मंगवाकर लगाया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं कर रहा है और कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी भी उपलब्ध नहीं रहते, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले में जर्जर खंभे और लटकते तार हादसों का कारण बन रहे हैं। कई जगहों पर कम ऊंचाई पर तार लटके हैं और 400-500 मीटर दूर से जोड़कर आपूर्ति की जा रही है, जो बेहद खतरनाक है। आने वाले बारिश के मौसम को देखते हुए इन समस्याओं का जल्द समाधान जरूरी है। प्रदर्शन में कौशल शर्मा, प्रितपाल सिंह, प्रशांत जैन, शरद जायसवाल, जसकीरत सिंह, रवि जायसवाल, विनोद जायसवाल, अमित केसरी, नागेंद्र मोदनवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply