सोनभद्र में बिजली पोल के स्टे-वायर में उतरा करंट:मां समेत दो मासूम बच्चे झुलसे, एक की हालत गंभीर; वाराणसी रेफर
![]()
सोनभद्र में बिजली पोल के स्टे-वायर में उतरा करंट:मां समेत दो मासूम बच्चे झुलसे, एक की हालत गंभीर; वाराणसी रेफर
सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के ग्राम ससनई में रविवार को बिजली के पोल के स्टे वायर में करंट लगने से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुल्तानी पानी लेने घर से बाहर निकली थी। उसका दो वर्षीय बेटा अभि भी उसके पीछे-पीछे चला। इसी दौरान रास्ते में लगे बिजली के पोल के स्टे वायर में करंट दौड़ रहा था। अभि अनजाने में तार को छू गया और वह करंट की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पते देख मां सुल्तानी उसे बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी स्टे वायर के संपर्क में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। इस बीच, तीन वर्षीय बेटी अर्चना भी दौड़कर मदद करने गई और वह भी करंट की चपेट में आ गई। घटना के तुरंत बाद ग्रामीण और परिजन तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अर्चना की हालत सबसे चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा बिजली विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है। 11 हजार वोल्ट की लाइन के स्टे वायर में करंट लगने की घटना को लेकर लोग आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत और जांच कराई जाती तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
