पिपरी पुलिस ने काफी दिनो से चल रहे चोरी के दो मुकदमों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में चोरी का सामान भी बरामद किया है। सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के अनावरण हेतु एक अभियान चलाया जा रहा था। शुक्रवार व शनिवार की देर रात्रि मे पिपरी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुर्धवा मोड़ से रनटोला मार्ग स्थित जंगल क्षेत्र में दबिश दी गई। पुलिस ने मौके से चोरी का सामान छिपाकर ले जाने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। हालांकि,अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उदय राज पुत्र लक्ष्मण अगरिया और राजेश कुमार पुत्र रामजीत अगरिया दोनो निवासी सूपाचुआं म्योरपुर के रूप मे पहचान हुई। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर सुनसान घरों और दुकानों की रेकी करते थे। रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद वे चोरी का सामान जंगल में छिपा देते थे और बाद में उसे औने-पौने दामों पर बेच देते थे। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान मुन्नालाल पुत्र रामधनी और जवाहिर पुत्र चरकू के रूप में की है। दोनों सूपाचुआं, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र के निवासी हैं। बरामद सामान में एक छोटा फ्रिज (काला/ग्रे), एक बड़ा पुराना व्हर्लपूल फ्रिज, एक जिग्मा फर्राटा पंखा, एक श्याओमी एलईडी टीवी, एक टाटा स्काई सेट टॉप बॉक्स और एक इंडियन गैस सिलेंडर शामिल है। इसके अतिरिक्त, ट्रैक्टर के विभिन्न पुर्जे जैसे एक्सल, क्राउन हाउजिंग, क्राउन शाफ्ट, ब्रेक सेट, बेबिन हाउजिंग और हाइड्रोलिक हत्था भी बरामद किए गए हैं। यह सभी सामान दोनों चोरी के मुकदमों से संबंधित पाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply