सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरडीहा गांव में सोमवार की रात दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान सौरव शर्मा और देवदत्त के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव है और वे एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इसे एक्सीडेंट मानकर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सौरव शर्मा और देवदत्त के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर एक दिन पहले दोनों पक्ष कोतवाली और पुलिस लाइन भी पहुंचे थे। मंगलवार को भी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था।देर रात दोनों की मौत हो जाने से यह मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है। मृतक सौरव शर्मा के परिजनों का आरोप है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतक की बहन ने बताया कि उनका भाई घर पर था, लेकिन शाम को सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि युवक को दौड़ाकर मारा गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, मृतक देवदत्त के परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले ही कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। उनका आरोप है कि घटना वाले दिन वाहन से पीछा कर कई बार ओवरटेक किया गया। घर के पास ऑटो से उतरते ही उनके बेटे को बाइक से टक्कर मार दी गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सीओ नगर रणधीर मिश्रा के अनुसार, 30 मार्च की रात सूचना मिली थी कि सौरव शर्मा और देवदत्त के बीच विवाद के दौरान तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply