सोनभद्र जिले के कलेक्ट्रेट में आज चूर्क स्थित चौराहे का नाम बदलकर “वंदे मातरम चौक” रखने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। विश्व हिंदू महासंघ की जिला इकाई के सदस्यों ने कलेक्ट गेट से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च किया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग उठाई। संगठन का कहना है कि यह कदम राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करेगा। संगठन ने प्रशासन से चुर्क तिराहा छपका को “वंदे मातरम् चौक” घोषित करने का औपचारिक अनुरोध किया है। ज्ञापन में बताया गया है कि “वंदे मातरम्” केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश की आजादी की लड़ाई का प्रतीक है और यह लोगों में देशभक्ति की भावना जगाता है। संगठन के पदाधिकारी किरन किन्नर ने कहा कि 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस के अवसर पर यह मांग और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उनके अनुसार, इस मौके पर चौक का नाम “वंदे मातरम्” रखने से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और शहीदों की याद को सम्मान मिलेगा। ज्ञापन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस प्रस्ताव को स्वीकृति देने की मांग की गई है। संगठन की योजना है कि चौक पर शहीदों के चित्र, तिरंगा और भारत माता की झांकी लगाकर इसे एक प्रेरणास्थल के रूप में विकसित किया जाए। किरन किन्नर ने यह भी बताया कि वे जिले के अन्य प्रमुख चौराहों का नाम भी “वंदे मातरम चौराहा” रखने की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या फैसला लेता है। फिलहाल, सोनभद्र में “वंदे मातरम् चौक” को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply