सोनभद्र में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया गया। जनपद की 103 मस्जिदों और 39 ईदगाहों सहित कुल 142 स्थानों पर हजारों नमाजियों ने ईद की नमाज़ अदा की। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर त्योहार की बधाई दी। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में 25 स्थानों पर नमाज़ पढ़ी गई, जहां सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ी। रॉबर्ट्सगंज ईदगाह में सुबह 8:15 बजे मौलाना तौफीक आलम ने नमाज़ अदा कराई, जबकि जामा मस्जिद में सुबह 9 बजे मौलाना खुर्शीद आलम ने नमाज़ पढ़ाई। सलखन ईदगाह में सुबह 8:30 बजे इमाम इसराइल की अगुवाई में नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। नमाज़ के बाद बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। इसके बाद घरों में सेवइयों का लुत्फ लिया गया। त्योहार के मद्देनजर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडिशनल एसपी अनिल कुमार, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा सहित यातायात पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहे, ताकि किसी भी तरह की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। सोनभद्र के घोरावल, दुद्धी, रेणुकूट, ओबरा, चोपन, शक्तिनगर, बीजपुर और बभनी सहित तमाम इलाकों में ईद-उल-फितर का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने भी उपस्थित होकर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply