सोनभद्र के डॉ. बृजेश महादेव को ग्लोबल डायमंड आइकन अवार्ड:जयपुर में 15 देशों की 200 प्रतिभाएं सम्मानित हुईं
![]()
सोनभद्र के डॉ. बृजेश महादेव को ग्लोबल डायमंड आइकन अवार्ड:जयपुर में 15 देशों की 200 प्रतिभाएं सम्मानित हुईं
सोनभद्र के नवाचारी शिक्षक और साहित्यकार डॉ. बृजेश कुमार सिंह “महादेव” को “ग्लोबल डायमंड आइकन अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें भव्या फाउंडेशन द्वारा जयपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन में दिया गया। समारोह 5 अप्रैल को सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी के कालिंदी ऑडिटोरियम में हुआ, जहाँ 15 देशों की लगभग 200 विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। डॉ. बृजेश महादेव वर्तमान में बेसिक शिक्षा विभाग के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी, नगवां (सोनभद्र) में वरिष्ठ शिक्षक और ब्लॉक स्काउट मास्टर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यह सम्मान शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके लंबे समय के योगदान और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया है। इससे पहले भी डॉ. महादेव को एशियन एजुकेशन अवॉर्ड, नेशनल बिल्डर्स अवॉर्ड और राज्य आईसीटी अवॉर्ड जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। वे एक प्रख्यात शिक्षाविद्, समाजसेवी और दूरदर्शी व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्थागत विकास, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान तक फैला हुआ है। उन्होंने एक दर्जन से अधिक पुस्तकों का लेखन और प्रकाशन किया है। डॉ. बृजेश महादेव सर्च लुक शोध पत्रिका, साहित्य सरोवर ई-पत्रिका और बैसवार दर्पण सामाजिक पत्रिका का संपादन भी करते हैं। डॉ. महादेव का मानना है कि “शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है।” वे राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, सोनभद्र के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही, वे पर्यावरण संरक्षण के लिए हरियाली आंदोलन का संचालन भी कर रहे हैं, जिसका संदेश है “जहाँ है हरियाली, वहाँ है खुशहाली।” यह सम्मान भव्या फाउंडेशन के संस्थापक शैलेंद्र माथुर और निदेशक डॉ. निशा माथुर ने प्रदान किया। इस कार्यक्रम में देश के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। जनपद सोनभद्र का मान बढ़ाने पर डॉ. बृजेश महादेव को उनके शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
