पीलीभीत के थाना सेहरामऊ क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की टक्कर से हुआ। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना सेहरामऊ क्षेत्र के ग्राम पजाबा निवासी अरुण कुमार (32) पुत्र मदनलाल मंगलवार रात करीब 9 बजे अपने मित्र बिल्लू के साथ बाइक पर कुर्रेया स्टेशन जा रहे थे। गांव के बाहर सोंधा रोड पर पहुंचने पर सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए।
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पूरनपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिल्लू को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक अरुण कुमार के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और वाहन को कब्जे में लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी (CO) प्रतीक दहिया ने बताया, “सोंधा रोड पर हुए हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायल का उपचार जारी है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply