कासगंज में सेंट जोसफ स्कूल के बाहर किताबों की कथित अवैध बिक्री के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ‘शिक्षा को लूट से मुक्त करो’ अभियान के तहत सामाजिक कार्यकर्ता हरवीर भारतीय के नेतृत्व में किया गया। समाजसेवी हरवीर भारतीय ‘शिक्षा को लूट से मुक्त करो’ अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के तहत उनकी टीम ने स्कूल का दौरा किया और पाया कि स्कूल के बाहर एक अस्थायी दुकान संचालित हो रही है। टीम के अनुसार, यह दुकान साल में लगभग 15 दिनों के लिए खुलती है और बिना किसी नाम या पंजीकरण के चलाई जा रही है। आरोप है कि इस दुकान पर केवल सेंट जोसफ स्कूल द्वारा निर्धारित किताबें ही बेची जाती हैं। हरवीर भारतीय ने आरोप लगाया कि अभिभावकों को यहीं से किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। बाजार में इन किताबों के सस्ते या वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध नहीं हैं। टीम ने इसे शिक्षा के नाम पर सुनियोजित आर्थिक शोषण करार दिया।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने कहा कि यह सीधा-सीधा नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन और संबंधित लोगों की मिलीभगत से अभिभावकों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीम ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अवैध रूप से चल रही इस दुकान पर तत्काल कार्रवाई करने और अभिभावकों को खुले बाजार से किताबें खरीदने की स्वतंत्रता देने की अपील की। अभियान के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply