सुल्तानपुर में हाइवे पर ट्रक ड्राइवर की हत्या:पोस्टमार्टम में सिर पर तीन चोटें मिलने की पुष्टि, पिता ने खलासी के खिलाफ दर्ज कराया केस
![]()
सुल्तानपुर में हाइवे पर ट्रक ड्राइवर की हत्या:पोस्टमार्टम में सिर पर तीन चोटें मिलने की पुष्टि, पिता ने खलासी के खिलाफ दर्ज कराया केस
सुल्तानपुर में हाइवे किनारे ट्रक में मिले ड्राइवर के शव के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मृतक चालक के पिता ने ट्रक के खलासी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। देर रात हुए पोस्टमार्टम में ड्राइवर के सिर पर धारदार हथियार से चोट के तीन निशान मिले हैं। घटना रविवार शाम लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर कोतवाली नगर के पयागीपुर स्थित 400 केवी के पास हुई। यहां खड़े एक ट्रक में प्रयागराज निवासी ड्राइवर प्रदीप यादव का शव मिला था। ट्रक मालिक संजय खत्री ने बताया कि उनका ट्रक बहराइच से लौट रहा था। ड्राइवर से संपर्क न होने पर उन्होंने जीपीएस से ट्रक को ट्रेस किया। मौके पर पहुंचने पर ड्राइवर का शव ट्रक में पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे। बताया जा रहा है कि ड्राइवर पिछले 15 दिनों से बिहार-महाराष्ट्र रूट पर था और उसके पास कुछ नकदी थी, जो मौके से गायब मिली। पुलिस ने मृतक ड्राइवर के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे रात में कोतवाली नगर पहुंचे। मृतक ड्राइवर के पिता राम अधार ने ट्रक के खलासी संजय शर्मा के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इसी तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह के अनुसार, ट्रक मालिक ने पहले यह नहीं बताया था कि ट्रक में कोई खलासी भी था। उन्होंने कहा था कि ड्राइवर अकेले ही ट्रक चलाता था। पुलिस अब खलासी संजय शर्मा की तलाश कर रही है। उसके पकड़े जाने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
