DniNews.Live

सुल्तानपुर में पेट्रोल-डीजल किल्लत की अफवाह:लोग गैलन-ड्रम लेकर पहुंचे, जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा- स्टॉक है पर्याप्त

सुल्तानपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) जीवेश मौर्या ने बुधवार को स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। पिछले कुछ दिनों से इन अफवाहों के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी जा रही थी। दोस्तपुर ब्लॉक से ऐसी तस्वीरें भी सामने आईं, जहां लोग ड्रम और गैलन लेकर पेट्रोल-डीजल खरीदने पहुंच रहे थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ और जनता के बीच मची घबराहट के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्या ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। जीवेश मौर्या ने कहा- जनपद सुल्तानपुर में वर्तमान में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसी भी भ्रामक सूचना और अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यालय की ओर से एक कंट्रोल नंबर जारी किया गया है, जिस पर उपभोक्ता अपनी समस्या बता सकते हैं और प्रशासन तत्काल उसका निवारण कर रहा है। डीएसओ ने आगे स्पष्ट किया कि विभिन्न तेल कंपनियां सुचारू रूप से ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी न हो। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और केवल आवश्यक मात्रा में ही ईंधन खरीदने का आग्रह किया है। साथ ही, यदि किसी पेट्रोल पंप पर गड़बड़ी की आशंका हो, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करने की अपील की गई है। उधर, दोस्तपुर स्थित मां लक्ष्मी पेट्रोल पंप के मालिक अजय शुक्ला ने बताया कि गलत अफवाह की वजह से भीड़ लग रही है। उन्होंने पुष्टि की कि डीजल-पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है, इसके बावजूद लोग दस, दो या तीन लीटर ईंधन लेकर जा रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *