![]()
सुल्तानपुर में पिकअप पेड़ से टकराई:एक युवक की मौत, दो लोग गंभीर घायल, वाराणसी से लौट रहे थे सभी
सुल्तानपुर के चांदा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना लगभग 3:15 बजे हुई। मोहम्मद तौसीर (22), तारीफ (30) और तस्लीम (24) एक पिकअप से वाराणसी से सैफाबाद होते हुए अपने घर लौट रहे थे। चांदा चौराहे से पट्टी की ओर मुड़ने के बाद इंदौली मोड़ से थोड़ा आगे पहुंचने पर, सामने से आ रही एक अज्ञात बोलेरो से बचने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे खंदक में जा गिरा और एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार तौसीर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक तारीफ और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना कोतवाली चांदा के उप निरीक्षक अवधेश सिंह यादव, शंकर बख्श सिंह, कांस्टेबल प्रभात सिंह और परवीन सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तौसीर को मृत घोषित कर दिया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। मृतक मोहम्मद तौसीर प्रतापगढ़ के बेलखरनाथ धाम थाना कंधई का निवासी था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। उसके परिजन दिल्ली में रहते हैं। बताया गया कि घटना के समय पिकअप खाली थी और उसमें कुछ खाली कैरेट रखे हुए थे। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply