सुल्तानपुर में पवित्र रमजान माह के बाद शुक्रवार शाम ईद का चांद नजर आ गया। इसके साथ ही जिले भर में शनिवार को मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। इससे पहले, जिले भर में मुसलमानों ने आखिरी जुमा (अलविदा जुमे) की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की। मस्जिदों और इबादतगाहों में बड़ी संख्या में नमाजी उमड़े और देश में अमन-चैन, तरक्की तथा भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं। अब जिले में ईदुल फितर को लेकर उत्साह चरम पर है। शनिवार को सुल्तानपुर जिले की सभी मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। इसके लिए प्रशासन और संबंधित कमेटियों द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के प्रमुख स्थानों पर ईद की नमाज का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है: शहर ईदगाह: सुबह 9:00 बजे, मौलाना अब्दुल लतीफ। मरकज मस्जिद: सुबह 8:30 बजे, मौलाना मुहम्मद उस्मान कासमी। जामिया इस्लामिया मदरसा: सुबह 8:00 बजे, मौलाना मुहम्मद उसामा कासमी। बीवियां मस्जिद: सुबह 8:30 बजे, मौलाना कसीम कासमी। सेनानी बिहार मस्जिद: सुबह 7:45 बजे, मौलाना इजहार। झलियावा: सुबह 8:00 बजे। करौंदिया यादनगर मस्जिद: सुबह 8:00 बजे। इस्लाम ईदगाह: सुबह 7:30 बजे, मौलाना मकबूल कासमी। धाराएं ईदगाह: सुबह 7:45 बजे। मरकज मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान कासमी ने सभी मुसलमानों को ईदुल फितर की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है और लोगों से शांति, सद्भाव तथा एकता के साथ इसे मनाने की अपील की। ईद को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। लोग खरीदारी में व्यस्त हैं, जिससे पूरे जिले में त्योहार का माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply