सुल्तानपुर नगर पालिका परिषद में पारंपरिक ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह शहर में सांप्रदायिक सौहार्द और एकता की 54 साल पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, मौलानाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने सभी को ईद की बधाई दी। उन्होंने बताया कि ईद का पर्व और रमजान शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुए हैं। सुबह की नमाज भी शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। अग्रवाल ने इस आयोजन को केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुल्तानपुर की आधी सदी पुरानी विरासत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परंपरा वर्ष 1972 से लगातार चली आ रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर के गणमान्य व्यक्तियों को एक साझा मंच पर लाना है। समारोह में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नगर पालिका अध्यक्ष, सभासद और अन्य प्रमुख लोग मुख्य गेट पर मौजूद थे, जहां उन्होंने शहर के गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। यह 54 वर्षों से चली आ रही परंपरा सुल्तानपुर को एकता के सूत्र में पिरोए हुए है। इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न समुदायों के लोग एक मंच पर आकर अपनी एकजुटता और सद्भाव का संदेश देते हैं। इस अवसर पर सभासद दिनेश चौरसिया, रमेश सिंह टिंन्नू, मनीष जायसवाल, सपा नेता निसार अहमद गुड्डू, जफर उल्ला, गुलाम मोईनुद्दीन, मौलाना उस्मान कासमी और मौलाना मदारुस्सलाम सहित कई प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply