DniNews.Live

सुल्तानपुर का कल्याणपुर गोलीकांड, दो आरोपी गिरफ्तार:जौनपुर निवासी विशाल और अभिनव पर 25 हजार का इनाम था

सुल्तानपुर के बहुचर्चित कल्याणपुर गोलीकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र निवासी विशाल सिंह उर्फ बागी और अभिनव सिंह उर्फ पवन के रूप में हुई है। इस मामले में घटना के दूसरे दिन ही पुलिस ने पूर्व मंत्री और उनके पुत्र सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद, पुलिस अधीक्षक ने फरार चल रहे 12 अन्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। हाल ही में, नितिन तिवारी नामक एक अन्य आरोपी ने जौनपुर के सरपतहा थाने में आत्मसमर्पण किया था। सुल्तानपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, अखंडनगर थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर निराला नगर मोड़ के पास से इन दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त विशाल सिंह उर्फ बागी के पास से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर की पिस्टल, दो कारतूस और एक बिना नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस बरामदगी के आधार पर विशाल सिंह उर्फ बागी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त धाराएं लगाई गई हैं। इन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संतोष कुमार राय, उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हैदर अली और हेड कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल थे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *