सुलतानपुर के कुड़वार बाजार में भूमि विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान माता प्रसाद पाण्डेय के रूप में हुई है। घटना बुधवार शाम 7 से 7:10 बजे के बीच हुई, जब वह अपने बेटे अवनीश पाण्डेय और बड़े भाई दूधनाथ पाण्डेय के साथ अपनी दुकान पर खड़े थे। अवनीश पाण्डेय ने रमेश मौर्या, सुरेंद्र शर्मा, रमेश के बेटे अनुराग मौर्या और एक अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। अवनीश पाण्डेय ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनके पिता ने अशोक तिवारी बासी से एक जमीन खरीदी थी, जिससे रमेश मौर्या असंतुष्ट थे। इसी जमीन विवाद को लेकर 25 मार्च को दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे सतीश उपाध्याय के घर एक बैठक हुई थी। इस बैठक में माता प्रसाद, रमेश मौर्या, सुरेंद्र शर्मा, राहुल सिंह और अजय शुक्ला मौजूद थे। अवनीश के अनुसार, बैठक के दौरान उनके पिता माता प्रसाद की बात को सुरेंद्र शर्मा बार-बार काट रहे थे, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सुरेंद्र शर्मा और रमेश मौर्या ने कथित तौर पर धमकी दी कि “रुकिए अभी थोड़ी देर में तुमसे रास्ता ले लेता हूं।” इसके बाद सभी लोग अपने घर चले गए। शाम को, जब माता प्रसाद अपने बेटे अवनीश और भाई दूधनाथ के साथ कुड़वार बाजार स्थित अपनी दुकान पर खड़े थे, तभी दो बाइक पर सवार होकर आरोपी वहां पहुंचे। एक बाइक पर रमेश मौर्या और एक अज्ञात व्यक्ति था, जबकि दूसरी बाइक रमेश मौर्या का बेटा अनुराग चला रहा था और उसके पीछे सुरेंद्र शर्मा बैठा था। सुरेंद्र शर्मा और रमेश के पीछे बैठे अज्ञात व्यक्ति ने अपने-अपने असलहे से गोली चला दी। एक गोली बगल से निकल गई, जबकि दूसरी माता प्रसाद के सीने में लगी। गोली लगने के बाद रमेश मौर्या ने कथित तौर पर कहा, “काम हो गया अब रास्ता मिल जायेगा।” इसके बाद दोनों बाइक पर सवार सभी आरोपी अपने असलहे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। अवनीश पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

Leave a Reply