सुलतानपुर में एक व्यक्ति ने फोन न उठाने पर अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट में गंभीर चोटों को मौत का कारण बताया गया है। यह घटना मंगलवार सुबह धनपतगंज ब्लॉक के सेवरा चरथई गांव में बच्चों के सामने हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी नक्छेद (45 वर्ष) सोमवार को लिंटर डालने का काम कर रहा था। उसने अपनी पत्नी कुसुम (42 वर्ष) को फोन किया, लेकिन कुसुम किसी काम में व्यस्त होने के कारण फोन नहीं उठा पाईं। इस बात से नक्छेद नाराज हो गया। सोमवार रात करीब 12 बजे नक्छेद घर लौटा और कुसुम के साथ मारपीट करने लगा। घर में मौजूद उनके दो छोटे बच्चे, उदयभान (9 वर्ष) और दीक्षा (8 वर्ष), अपनी मां को बचाने आए तो नक्छेद ने उन्हें भी धक्का दे दिया। उसने बच्चों के सामने ही कुसुम को डंडे से पीटा। बेटी दीक्षा ने पुलिस को बताया, “रात में पापा मम्मी को मार रहे थे। मैं मम्मी को लेकर बड़ी मम्मी के घर चली गई और रात भर हम वहीं रहे। सुबह जब हम वापस घर आए, तो पापा ने फिर डंडे से मम्मी को मार दिया।” इस हमले के बाद कुसुम मौके पर गिर गईं। कुसुम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और एसएचओ अंजू मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति नक्छेद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में नक्छेद ने बताया कि उसने मारपीट की थी, लेकिन उसे पत्नी की मौत का अंदाजा नहीं था। मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता गांजा पीते थे। परिवार में नक्छेद और कुसुम के अलावा उनके दो छोटे बच्चे उदयभान और दीक्षा हैं। उनका बड़ा बेटा तिलक राज (22 वर्ष) पंजाब में नौकरी करता है। नक्छेद मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था।

Leave a Reply