चकेरी, अहिरवां में सुरंग बनाकर ज्वैलर्स की दुकान से 5 लाख का माल पार करने वाले दो चोरों समेत सराफा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से पास से घटना में प्रयुक्त बाइक व सुरंग खोदने में इस्तेमाल साबड़ समेत, चांदी व आर्टिफिशियल जेवरात बरामद किए है। यक्ष एप के जरिए पुलिस ने कानपुर शहर में पहली घटना का खुलासा किया है। 16 मार्च की रात घटना को दिया था अंजाम डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि ओमपुरवा लाल बंगला निवासी सोनू वर्मा की अहिरवां के न्यू पटेल नगर में खाटू ज्वैलर्स नाम से दुकान है। सोनू ने बताया कि 16 मार्च की रात में वह दुकान बंद करके घर आ गए थे। अगले दिन पड़ोसी ने उनको चोरी की सूचना दी। जानकारी पाकर वह दुकान में पहुंचे तो पीछे खाली प्लाट से सुरंग बनाकर चोर अंदर दाखिल हुए थे। चोर करीब एक किलो चांदी, आठ ग्राम सोना और लगभग 50 हजार कैश समेत पांच लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गया। इतना ही नहीं, दुकान में लगे दो सीसीटीवी कैमरे समेत डीवीआर भी उखाड़ ले गए थे। पुलिस ने मूलरूप से फतेहपुर, हाल में राजीव नगर नौबस्ता मछरिया निवासी मो. शकील, नौबस्ता मछरिया निवासी धर्मेंद्र गौतम उर्फ जावेद को गिरफ्तार किया। डीसीपी ईस्ट ने बताया कि दोनों आरोपियों ने चोरी का माल बेकनगंज निवासी ज्वैलर्स शाह कमाल को बेचा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सराफा को भी दबोचा है। आरोपियों के पास से 130 ग्राम चांदी, एक जोड़ी पाय, एक 500 का चांदी का नोट, 159 आर्टिफिशियल ज्वैलरी, एक डीवीआर बरामद की है। डीसीपी ने बताया कि घटना का मास्टरमांइड मो. शकील है। वह पहले अहिरवां में ही रहता था, शकील ब्लिंकिट में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था, जिस कारण आसपास के इलाकों की पूरी तरह से जानकारी थी। घटना के दौरान आरोपी डीवीआर ले गए थे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद हो गए थे, फुटेज को यक्ष एप की मदद से आरोपी ट्रेस हो गए। शकील पर चकेरी, अनवरगंज, किदवई नगर, कोतवाली समेत अन्य थानों में 10 मुकदमे दर्ज है। आरोपी धर्मेंद्र गौतम पर चकेरी और गंगाघाट पर दो मुकदमे दर्ज है।

Leave a Reply