![]()
सुभारती यूनिवर्सिटी में लाइव शो के दौरान छात्रों में मारपीट:मेरठ में सीटिंग को लेकर हुई बहस, पुलिस ने संभाला
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र स्थित सुभारती यूनिवर्सिटी में शनिवार को पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव प्रोग्राम के दौरान छात्रों के बीच मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। यह घटना शनिवार रात को हुई, जब यूनिवर्सिटी में मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा का कार्यक्रम चल रहा था। सीटिंग और आगे खड़े होने को लेकर कुछ छात्रों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही मिनटों में झगड़े में बदल गई। छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाने लगे, यहां तक कि कुर्सियां भी फेंकी गईं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर कुछ छात्रों ने उनका भी विरोध किया और धक्का-मुक्की करने लगे। हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला और किसी तरह मामले को शांत कराया। घटना के बाद कार्यक्रम को अस्थायी रूप से रोक दिया गया और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में देर तक तनाव का माहौल बना रहा। अभिभावकों और प्रशासन के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं। जानी थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply