सीवान के गांधी मैदान में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के गठन के बाद पहली बार जिला नियोजनालय द्वारा जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले ने जिले के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में नई उम्मीदें जगाई हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, उपनिदेशक नियोजन सारण प्रमंडल अश्वजित कुमार पराशर, सहायक निदेशक नियोजन भरत जी राम तथा जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। मेले में कुल 2571 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिससे युवाओं में रोजगार के प्रति बढ़ती जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। निजी क्षेत्र के 23 नियोजकों ने अपने-अपने काउंटर लगाए, जहाँ 1402 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया। विशेष बात यह रही कि मेले के दौरान ही 413 अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट औपबंधिक चयन किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह ने अपने संबोधन में विभाग द्वारा संचालित स्टडी किट, टूल किट, समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, जॉब कैंप और जॉब फेयर जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। मेले में निजी कंपनियों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाए गए। जीविका, आरसेटी, कृषि विभाग (ATMA सेंटर), जिला उद्योग केंद्र तथा मत्स्य संसाधन विभाग सहित कुल छह विभागीय स्टॉलों पर युवाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला उद्योग केंद्र के स्टॉल पर स्टार्टअप नीति के अंतर्गत लघु उद्योग ऋण और स्टार्टअप ऋण योजनाओं में युवाओं ने विशेष रुचि दिखाई। स्टडी किट और टूल किट योजना मेले की सबसे लोकप्रिय योजना रही। जिला पदाधिकारी द्वारा स्टडी किट के लिए चयनित 29 तथा टूल किट के लिए चयनित 15 लाभार्थियों के बीच सामग्री का वितरण किया गया। इससे युवाओं को अपने कौशल विकास में मदद मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके अलावा मंच से सात निश्चय योजना के अंतर्गत कुशल युवा कार्यक्रम, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और स्वयं सहायता भत्ता योजना की भी जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने युवाओं से अपील की कि वे नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर पंजीकरण कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम का संचालन अभिषेक रंजन ने किया, जबकि जिला कौशल प्रबंधक कामेश्वर कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारियों और कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
यह नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला बिहार सरकार की रोजगारोन्मुखी पहल का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभरा है। इस आयोजन ने जिले के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई है और भविष्य में ऐसे आयोजनों से युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
https://ift.tt/eLSZgG5
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply