सीतापुर। सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इसी क्रम में जनपद सीतापुर में भी कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय स्तर पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजागणपति आर. एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या की उपस्थिति में 10 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों ने चयनित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके दायित्वों के प्रति जागरूक किया। जिले के विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में ऐलिया, बेहटा, बिसवां, हरगांव, गोंदलामऊ, लहरपुर, सीतापुर शहर, रामपुरमथुरा, महमूदाबाद, सिधौली, मिश्रिख, पहला, सकरन, खैराबाद, कसमंडा, महोली, मछरेहटा, परसेण्डी, रेउसा एवं पिसावां में कुल 30 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 1408 आंगनबाड़ी सहायिकाओं की भर्ती की गई है। खैराबाद क्षेत्र से चयनित 5 सहायिकाओं में शशीप्रभा, श्रीमती अंजली, दिपांशी वर्मा, सर्वेश कुमारी और गीता शामिल हैं। वहीं, सीतापुर शहर से चयनित 5 सहायिकाओं में सरिता कुमारी, लक्ष्मी,राधना, रेशमी देवी और सूफिया के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा, रामपुरमथुरा, मछरेहटा, खैराबाद, गोंदलामऊ, महमूदाबाद, ऐलिया, मिश्रिख और शहर क्षेत्र में बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास किया गया, जबकि कसमंडा परियोजना कार्यालय का लोकार्पण हुआ। वहीं महमूदाबाद, पहला और रेउसा विकास खंड के कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस पहल से जिले में बाल विकास सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply